80s–90s : जब अनुशासन का दूसरा नाम था चप्पल, बेल्ट और मुरगा

चेतावनी / सूचना: यह कथा सत्य घटनाओं पर आधारित है। इसे गल्प मानना हमारे बचपन के अनुभवों का अपमान होगा।

80s–90s के भारतीय बचपन की एक सामूहिक स्मृति

इतिहास कहता है कि पीछे मत देखो, लेकिन यादें कहाँ किसी की बंदिश सुनती हैं। वे अपनी मर्ज़ी से लौट आती हैं—कभी किसी पुरानी कॉपी की बुरी लिखावट में, कभी स्कूल के स्टील वाले स्केल की चमक में, कभी घर के दरवाज़े के पास पड़ी चप्पल में, और कभी पिताजी की उस नज़र में, जिसे देखकर आत्मा कांप जाती थी।

हम उस पीढ़ी से आते हैं जहाँ बचपन केवल खेल, कॉमिक्स, VCR और गर्मियों की छुट्टियों का नाम नहीं था। वह अनुशासन, डर, शर्मिंदगी, बचाव-प्रयास और माँ की अंतिम अपील का भी नाम था। आज यह सब लिखते हुए हँसी आती है, लेकिन उस समय हँसी नहीं आती थी। 

और सच कहूँ तो यह केवल मेरी कहानी नहीं है। 80s–90s के भारतीय बच्चों ने स्कूलों की मार, स्केल, बेंत, सार्वजनिक शर्मिंदगी और घर के डर को अपने बचपन का हिस्सा बताया है |उस दौर में काउंसलिंग नहीं थी, पॉजिटिव पेरेंटिंग नहीं थी, और "चाइल्ड साइकोलॉजी" तो शायद शब्दकोशों में ही मिलती थी। अनुशासन के अपने तरीके थे—घर के और स्कूल के।

हाँ, आज कानून और समझ दोनों बहुत आगे बढ़ चुके हैं। बच्चों पर शारीरिक दंड और मानसिक उत्पीड़न प्रतिबंधित हैं, और होना भी चाहिए। Right to Education Act की धारा 17 साफ कहती है कि किसी बच्चे को शारीरिक दंड या मानसिक प्रताड़ना नहीं दी जा सकती। इसलिए यह लेख मारपीट की महिमा नहीं है; यह उस दौर की स्मृति है, जिसमें हम बड़े हुए—हँसते हुए, डरते हुए, और कई बार चुपचाप सहते हुए। 

नाम कम, उपाधियाँ ज़्यादा

हमारे घरों में बच्चों के नाम होते ज़रूर थे, लेकिन उनका उपयोग प्रायः स्कूल के रजिस्टर, जन्म प्रमाणपत्र और परीक्षा फॉर्म तक सीमित रहता था। घर में असली पहचान उपाधियों से होती थी।

“नालायक”, “ढीठ”, “लतखोर”, "निखट्टू", "घड़रोच (नीलगाय के वास्तविक नाम “वनरोज” का अपभ्रंश), "कुलच्छन", "बेहया", "महामूर्ख", "लफंगा", “भुक्खड़”, “नासपीटा”, “करमजला”, “काहिल”!  "ए लबार! दिनभर बकबक करेला, पढ़ाई से मतलबे नइखे!"  या "ए नासपीटा! दिन भर आवारागर्दी करेल, पढ़े-लिखे के नाम पर धब्बा बाड़े!" स्थापित वाक्य थे।‌ "ए निकम्मा! तनिको लाज-सरम नइखे?", "का रे, तोहरे माथा में गोबर भरल बा का?"और "हे राम! ई लड़िका त जान खा लिहलस!"  तो हम लोग हंसते खेलते सुन लेते थे।

पूर्वांचल और उत्तर भारत के कई घरों में तो ऐसी उपाधियों का पूरा शब्दकोश होता था। कोई बच्चा अगर दो मिनट तक चुपचाप बैठ जाए तो परिवार को शक हो जाता था कि या तो कुछ तोड़ा है, या कुछ तोड़ने की योजना बना रहा है।

किशोरपन में यह सब अपमान लगता था। पर तब डांट की भाषा तानों में बदल गयी थी। अब अधेड़ उम्र में सोचता हूँ तो लगता है, हमारे माँ-बाप की भाषा में प्रेम भी थोड़ा खुरदरा था। वे “आई लव यू बेटा” कहने वाली पीढ़ी नहीं थे। उनका प्रेम अक्सर इस रूप में आता था - “लाट साहब उठ गए? अब अगर इजाज़त हो तो घर के बाकी लोग भी अपना काम शुरू करें?”, “हमारे ज़माने में इस उम्र तक आदमी जिम्मेदार हो जाता था, और ये साहब अभी तक चप्पल ढूँढ रहे हैं”, और कभी-कभी, “कमरे की हालत देखो… लगता है यहाँ पढ़ाई नहीं, खुदाई चल रही है आजकल।

पिताजी: चलते-फिरते अनुशासन विभाग

बचपन में पढ़ाई के समय हम लोग उधम करते रहते थे। लेकिन जैसे ही पिताजी के कदमों की आवाज़ आती, किताब तुरंत खुल जाती। गणित की कॉपी उलटी हो, इतिहास की किताब बीच से खुली हो या पन्ना खाली हो—महत्वपूर्ण यह था कि मुद्रा पढ़ने वाली होनी चाहिए। वरना कंटाप (थप्पड़) का असर ऐसा होता था कि गाल सुन्न, जबड़ा ढीला और कानों में 'साँय-साँय' अलग से चलती रहती थी।"

जब अनुशासन का मतलब था प्राचीन पेरेंटिंग तकनीकों का लाइव प्रदर्शन, जो रक्षा मंत्र की तरह पीढ़ियों से चली आ रही थीं। सुबह: "उठ जाओ!" की ऑर्केस्ट्रा, इतनी तेज़ कि मोहल्ला भी उठ जाता; शाम: माफ़ी माँगने की कला सीख लो, इससे पहले कि तुम जानो तुमने क्या किया।

हमारे पिताजी लोग अपने समय के उत्पाद थे। उन्होंने खुद लट्ठ, डाँट, गरीबी, जिम्मेदारियाँ और सख्त माहौल देखा था। इसलिए उन्हें लगता था कि बच्चे को सीधा रखने का सबसे सफल तरीका है—डर।

प्रथम चरण: पिताजी का घूरना भी देश, काल, परिस्थिति और मौसम खराब होने के संकेत थे। पिताजी की एक नज़र में समय रुक जाता और पूरे दिन की शैतानी एक नैतिक सबक में बदल जाती। बोलने की ज़रूरत ही नहीं पड़ती थी।

द्वितीय चरण: बोलना शुरू होता, और आप जड़वत खड़े रहते। वह उपदेश: दो घंटे का भाषण — सम्मान, त्याग और "आजकल के बच्चे" पर व्याख्यान — बिना ब्रेक और बिना विज्ञापन के।

तृतीय चरण: पिताजी इतने बड़े कम्युनिस्ट थे कि बचपन में कोई गलती होने पर चप्पल भिगोकर तब तक कूटते थे, जब तक मेरी तशरीफ़ लाल न हो जाए। कहते हैं अक्सर, जो कुछ हमारे भीतर घटित हो रहा होता है, उसे हमारा शरीर पहले महसूस कर लेता है, और हमारा मस्तिष्क उस सच्चाई को समझने में थोड़ा समय लेता है। लेकिन पिटाई में ये उल्टा होता है; दिमाग पहले सुन्न हो जाता था। हौंक के मार ऐसी कि अंग अंग सूज के गुम्मा हो जाए।

लंबे बाल देखकर उनका खून खौल जाता था। टीवी देखकर बीपी बढ़ जाता था। रिपोर्ट कार्ड देखकर घर का वायुमंडल बदल जाता था। और अगर किसी दिन मोहल्ले से शिकायत आ गई तो समझिए, न्यायपालिका, कार्यपालिका और प्रशासन—सब एक ही व्यक्ति में समाहित हो जाते थे। 

पिताजी के हाथ की घुसंड (“घुसंड” हिंदी-हरियाणवी बोलचाल का वो अनौपचारिक शब्द है, जिसमें मुक्के और थप्पड़ दोनों की ताकत समाई रहती है) ऐसी होती थी कि निशान शरीर में पड़ता था और खबर मोहल्ले में फैल जाती थी — “कल कूटे गए हैं।”  मगर ये कहानी सिर्फ हमारी नहीं थी; लगभग हर घर की थी। इसलिए न कोई गिला था, न शिकवा, न किसी को चिढ़ाना। उस दौर में डांट-फटकार और मरम्मत भी परवरिश की भाषा मानी जाती थी — क्योंकि हर घर में यही धारावाहिक चल रहा था — बस एपिसोड अलग-अलग दिन आते थे।

कई घरों में पिताजी का बेल्ट खोलना ही पर्याप्त चेतावनी होता था। बेल्ट हमेशा इस्तेमाल नहीं होता था, लेकिन उसका दृश्य प्रभाव अद्भुत था। जैसे ही बेल्ट की बकल खनकती, बच्चे की आत्मा बोल उठती - “अब से मैं सुधर गया।” 

और फिर माँ आती थी

हर कहानी में एक मोड़ आता था—माँ। हमारी कारगुजारियों से तंग आके, माँ की आख़िरी धमकी भी पिताजी ही हुआ करते थे — "रुक, अभी पिताजी को बताती हूँ।" माँ ने बचपन मे ठीकठाक कुटम्मस की है। 

लेकिन जब आवाज़ें ऊँची होने लगतीं, पिताजी का गुस्सा चरम पर पहुँचता, और हमें लगता कि आज तो इतिहास लिखा जाएगा, तभी माँ माहौल को शांत करती थी। कभी-कभी जब अनुशासन का प्रकोप ज़रूरत से ज़्यादा बढ़ जाता, तो वही माँ लाठी / बेल्ट और हमारे बीच आकर रक्षा कवच बन जाती थीं। उसका स्थायी संवाद था - “बस भी करिए, बच्चा ही तो है।” 

उस एक वाक्य में दया भी थी, ढाल भी और अंतिम अपील भी। माँ कई बार अनुशासन की समर्थक भी होती थी और अंतिम बचाव-पंक्ति भी। वह डाँटती भी थी, बचाती भी थी, और रात में पूछती भी थी—“ज़्यादा लगी तो नहीं?”

बचपन में समझ नहीं आता था कि यह विरोधाभास क्या है। अब समझ आता है—भारतीय मातृत्व कई बार गुस्से और करुणा का एक साथ रहने वाला घर था।

चप्पल: भारतीय घरों का बहुउद्देश्यीय उपकरण

घर में चप्पल केवल पाँव में पहनने की वस्तु नहीं थी। वह चेतावनी थी, संकेत थी, दंड थी, और कई बार माता-पिता की लंबी दूरी की क्षमता का प्रमाण भी थी। चप्पल की सबसे बड़ी विशेषता थी कि वह हमेशा उपलब्ध रहती थी। दरवाज़े पर। सोफे के नीचे। रसोई के पास। माँ के पैरों में। और कई बार हवा में। “चप्पल पड़ेगी” अपने आप में पूर्ण वाक्य था। उसके बाद कोई व्याकरण आवश्यक नहीं था।

मीम संस्कृति में “flying chappal” इसलिए लोकप्रिय हुआ क्योंकि यह केवल मज़ाक नहीं, सामूहिक अनुभव था। इंटरनेट पर “चप्पल” को भारतीय पैरेंटिंग की हास्य-भाषा में जिस तरह याद किया जाता है, वह बताता है कि एक पूरी पीढ़ी इस प्रतीक को समझती है।

लेकिन मज़ाक के पीछे सच यह भी है कि हमारा बचपन कई बार डर से संचालित होता था। आज हम उस पर हँस सकते हैं, पर यह भी मानना चाहिए कि हर स्मृति सुंदर नहीं थी। कुछ में दर्द था, कुछ में अपमान था, और कुछ में वह बेचैनी, जिसे तब नाम देना नहीं आता था।

बड़ा भाई: बिना नियुक्ति का अनुशासन अधिकारी

घर में एक और संस्था होती थी—बड़ा भाई। उसके पास कोई नियुक्ति पत्र नहीं था, कोई आधिकारिक आदेश नहीं था, फिर भी वह स्वयं को अनुशासन समिति का स्थायी अध्यक्ष मानता था। मोहल्ले से शिकायत आए तो पहली सुनवाई बड़े भाई के पास। रिपोर्ट कार्ड खराब निकले तो प्रारंभिक कार्रवाई बड़े भाई। घर देर से पहुँचे तो विशेष न्यायाधिकरण भी वही।

छोटे भाई को लगता था कि वह अन्याय के खिलाफ अंतिम क्रांतिकारी है। बड़े भाई को लगता था कि घर में उसका जन्म ही अनुशासन लागू करने के लिए हुआ है। बहनें कई बार सबसे तेज़ गवाह, सबसे मजबूत वकील और सबसे खतरनाक शिकायत प्रकोष्ठ साबित होती थीं। 

झगड़े के मुद्दे छोटे होते थे, लेकिन भावनाएँ महाभारत स्तर की। किसने पेंसिल उठाई? किसने कॉमिक छुपाई? साइकिल पहले कौन चलाएगा? माँ से शिकायत किसने की?

घर का न्याय तंत्र

बाहर की लड़ाई के मामलों में घर का न्याय तंत्र अचानक बदल जाता था। घर के अंदर चाहे हम मुख्य आरोपी हों, लेकिन मोहल्ले में किसी ने हाथ लगा दिया, तो पूरा परिवार हमारी तरफ़ से सुप्रीम कोर्ट बन जाता था। बाहर की लड़ाई के मामलों में भाई-बहन विपक्ष से सत्ता पक्ष में आ जाते थे — घर में शिकायतकर्ता और बाहर बॉडीगार्ड।

स्कूल से आई शिकायतों में घर का न्याय तंत्र भी बड़ा सरल था। माँ अभियोजन पक्ष थीं, भाई-बहन / पड़ोसी गवाह थे, हम आरोपी थे, और पिताजी — सर्वोच्च न्यायालय। स्कूल की डायरी में लाल स्याही से लिखी एक शिकायत घर पहुँचते-पहुँचते FIR बन जाती थी। सबूतों की ज़रूरत नहीं पड़ती थी। माँ का एक वाक्य ही चार्जशीट होता था — "पूछो अपने लाडले से, आज क्या करके आया है।" उसके बाद पिताजी की अदालत लगती थी,जहाँ जाँच और जिरह कम और फैसला जल्दी आता था।

आपस की लड़ाई के मामलों में भाई-बहन का न्याय तंत्र अलग ही चलता था। दिन भर एक-दूसरे की शिकायतें, धक्का-मुक्की, रोना-धोना और "पहले इसने मारा था" वाली दलीलें चलती रहती थीं।छोटा भाई-बहन रो दे, तो वह तुरंत पीड़ित पक्ष घोषित हो जाता था। बड़ा भाई-बहन समझाए, तो अत्याचारी कहलाता था। "तुम बड़े हो, तुम्हें समझना चाहिए" — यह घर की समझौतावादी प्रक्रिया थी। बड़े भाई-बहन के अधिकार और ज़िम्मेदारियों का संघर्ष बहुत पुराना बहस का मुद्दा रहा है।

कई बार माँ-बाप को यह पता ही नहीं चलता था कि असली दोषी कौन है। फिर लागू होता था घर का प्रसिद्ध सिद्धांत - अंधेर नगरी, चौपट राजा, टके सेर भाजी, टके सेर खाजा वाला न्याय। जिसने मारा वह भी पिटेगा, जिसे मारा गया वह भी पिटेगा, जो बीच में रोकने आया वह भी डाँट खाएगा, और जो कोने में खड़ा तमाशा देख रहा है, उसे शक के आधार पर चेतावनी मिलेगी। उस समय घरों में असली सवाल यह नहीं होता था कि गलती किसकी थी। असली सवाल होता था—“शोर किसने मचाया?” क्योंकि शोर बाहर तक गया तो परिवार की प्रतिष्ठा पर संकट माना जाता था।

सबकी ठुकाई-पिटाई, सबकी डाँट, सबका मुँह फूला हुआ। फिर आधे घंटे बाद वही भाई-बहन एक ही प्लेट से नमकीन खा रहे होते, वही कॉमिक साथ पढ़ रहे होते, और वही छोटा भाई बड़े भाई से कह रहा होता—“साइकिल थोड़ी देर दे दो न।” आज सोचो तो लगता है, उस दौर में घर छोटे थे, गर्मी ज्यादा थी, टीवी एक था, खिलौने सीमित थे और धैर्य उससे भी कम। इसलिए भाई-बहन का प्रेम भी कई बार लात-घूँसों, शिकायतों और रोने-धोने के रास्ते से होकर गुजरता था। लेकिन अजीब बात यह थी कि इतनी जुतम-पैजार के बाद भी रिश्ता टूटता नहीं था। शाम तक फिर दोस्ती, रात तक फिर साझेदारी, और अगले दिन फिर नया युद्ध।

देवदार की छड़ी और एक महीने का होमवर्क

मुझे आज भी याद है, लगभग एक महीने तक होमवर्क पूरा नहीं किया था।

बचपन में आदमी के भीतर एक अद्भुत आत्मविश्वास होता है कि शायद कल भी कोई नहीं पूछेगा। फिर एक दिन वह “कल” आ जाता है। घर में एक देवदार की छड़ी थी, जो  बाबा के लिए और अनुशासनिक प्रयोजनों के लिए सुरक्षित रखी जाती थी। उस दिन उसकी ड्यूटी लग गई। मार इतनी पड़ी कि अंततः छड़ी ही टूट गई। उस समय मुझे अपने ऊपर दया कम और छड़ी पर ज़्यादा आई।

आज यह घटना सुनाता हूँ तो बच्चे हँसते हैं। उन्हें लगता है यह किसी फिल्म का दृश्य है। मुझे लगता है यह भारतीय पारिवारिक इतिहास का सामान्य अध्याय था—थोड़ा सेंसर किया हुआ, थोड़ा नरम करके सुनाया हुआ।

लाठी में गुण बहुत हैं

हमारे यहाँ एक पुराना दर्शन था—लाठी में गुण बहुत हैं। यह वाक्य सुनने में जितना आध्यात्मिक लगता था, व्यवहार में उतना ही व्यावहारिक और दर्दनाक होता था।

लाठी केवल लकड़ी का टुकड़ा नहीं थी; वह परिवार और स्कूल की प्राचीन प्रशासनिक व्यवस्था का संविधान थी। उसमें अनुशासन भी था, डर भी था, सुधार की उम्मीद भी थी और पिताजी-गुरुजी का अटूट विश्वास भी कि बच्चा समझे न समझे, शरीर समझ जाएगा।

घर में चप्पल रोज़मर्रा की सरकार थी, बेल्ट आपातकालीन प्रावधान था, और लाठी विशेष सत्र में पारित होने वाला कठोर विधेयक। उसे दीवार के कोने में टिकाकर रखा जाता था, लेकिन उसकी उपस्थिति ही काफी होती थी। वह चुप रहती थी, मगर संदेश साफ होता था - “बहुत लोकतंत्र मत दिखाना।”

बचपन में हमें बताया जाता था कि लाठी आदमी को सीधा कर देती है। उस समय समझ नहीं आता था कि सीधा मतलब क्या है—व्यवहार, रीढ़ या चाल? क्योंकि लाठी पड़ने के बाद तीनों पर असर दिखता था।

स्कूल, बेंत और सामूहिक चरित्र सुधार

मैं बचपन में क्रिश्चियन स्कूल में पढ़ा, जहाँ अनुशासन के लिए बेंत का अपना अलग महत्व था। शिक्षक के हाथ में बेंत देखते ही पूरी कक्षा का सामूहिक चरित्र सुधार कार्यक्रम शुरू हो जाता था। कई बार बेंत का उपयोग कम, प्रदर्शन अधिक होता था। लेकिन जब उपयोग होता था, तो हथेली अगले कई मिनट तक राष्ट्रीय आपदा स्थल जैसी लगती थी।

हथेली आगे बढ़ाना। साँस रोकना। आवाज़ न निकालना। और फिर चुपचाप गरम गरम हथेली को देखते रहना। यह भी हमारे बचपन की पाठ्यक्रमेतर शिक्षा थी।  मार केवल मार नहीं थी; वह एक सामाजिक आयोजन था। उसमें दर्द कम और ज़लालत ज़्यादा होती थी।

जो दोस्त सरस्वती शिशु मंदिर या उस दौर के ऐसे अनुशासनप्रिय स्कूलों में पढ़े हैं, उनके पास बचपन की यादों का एक अलग ही खजाना होता है। किताबें, प्रार्थना, संस्कार, देशभक्ति गीत, सुबह की लाइन और “गुरुजी प्रणाम”। घर में भी अक्सर यही सुनने को मिलता था - “गुरुजी मारते हैं तो तुम्हारे भले के लिए ही मारते होंगे।”! दोस्त लोग, माँ पिताजी को मम्मी पापा बोलने भर‌‌के लिए पेले गये हैं ।

एक बार मोहल्ले के लड़के को मास्टर साहब ने ऐसा मारा था कि उंगली टूट गई थी। जब लड़के ने घर पर बताया तो उसके बड़े भाई स्कूल गए। और मास्टर जी से कहा कि आप जैसे जी चाहे पढ़ाये,  उंगली क्या हाथ भी टूट जाएगा तो शिकायत लेकर नहीं आएंगे। 

यानी बच्चे के पास शिकायत करने की जगह भी कम थी। वह दौर अलग था। शिक्षक का स्थान बहुत ऊंचा माना जाता था। गुरुजी की बात अंतिम होती थी। सवाल पूछना भी कई बार बदतमीजी समझा जाता था। बच्चों से उम्मीद की जाती थी कि वे बस सुनें, मानें और गलती न करें।

मुरगा बनना: शैक्षणिक योगासन नहीं, सार्वजनिक अपमान था

आज की पीढ़ी “मुरगा” शब्द सुनकर शायद मुर्गीपालन या नॉनवेज मेन्यू याद करे। हमारे समय में यह कक्षा की सज़ा-व्यवस्था की एक स्थापित संस्था थी।

प्रक्रिया लगभग वैज्ञानिक थी। बच्चे को सामने बुलाया जाता। दोनों पैर फैलवाए जाते। हाथ पैरों के बीच से निकालकर कान पकड़वाए जाते। कमर झुकती। नितंब उठाते थे | सिर नीचे। और पूरी कक्षा साक्षी। 40 मिनट की एक्सरसाइज़ तो आराम से हो जाती थी।

असल तकलीफ़ शरीर की नहीं थी। असली सज़ा थी—सभी का देखना। दोस्तों का मुस्कुराना। टीचर का विजयी भाव। और अपना धीरे-धीरे समाप्त होता आत्मसम्मान।  उस समय लगता था कि ब्रह्मांड की सारी निगाहें हम पर हैं। अब सोचता हूँ तो समझ आता है कि कई स्कूलों में अनुशासन और अपमान के बीच की रेखा बहुत पहले मिट चुकी थी। 

स्कूल का राजदंड: स्केल

स्कूल की दुनिया भी कम रोचक नहीं थी। यदि भारतीय स्कूलों का कोई अनौपचारिक राजदंड घोषित किया जाए, तो वह स्केल होगा।
  • प्लास्टिक का स्केल अपेक्षाकृत सभ्य माना जाता था।
  • लकड़ी का स्केल मध्यम स्तर का खतरा था।
  • लेकिन स्टील का स्केल—वह अलग ही तकनीक थी।
हथेली आगे करने का आदेश मिलते ही पूरा जीवन एक प्रश्न पर केंद्रित हो जाता था—“कितनी ज़ोर से पड़ेगी?”

कारण कोई भी हो सकता था — होमवर्क अधूरा होना, खराब लिखावट, क्लास में बात करना, मॉनिटर द्वारा नाम लिख दिया जाना, उत्तर न आना, या फिर बस कोई मनमानी-सी गलती कर बैठना। कक्षा में शिक्षक का शासन अपने आप में एक अलग व्यवस्था था — बेतुका, मनमाना और अचानक लागू होने वाला। कब कौन-सी गलती अपराध घोषित हो जाए, इसका कोई निश्चित संविधान नहीं था।

अनुभवी विद्यार्थी हथेली पर तेल मलते थे, बालों में हाथ फेरकर हथेली चिकनी करते थे, जैसे कोई गुप्त रक्षा-कवच सक्रिय कर रहे हों।  स्कूल की सार्वजनिक सज़ाओं में केवल दंड नहीं होता था, सार्वजनिक अपमान भी शामिल होता था। आपकी इज़्ज़त को तहस-नहस करके आपको आने वाले जीवन के लिए ढीठ और मोटी चमड़ी वाला नागरिक बना देना — यही उसका अनौपचारिक उद्देश्य लगता था।

विद्यालयीन दंड संहिता

1. उँगलियों के पोरों पर स्केल से मारना: यह सज़ा कम और गणितीय सटीकता वाली चोट ज़्यादा होती थी। स्केल का हर वार यह याद दिलाता था कि पढ़ाई में लाइन सीधी हो या न हो, दर्द बिल्कुल सीधा पहुँचता है।

2. पेन को उँगलियों के बीच रखकर दबाना: यह अनुशासन का वह उन्नत संस्करण था, जहाँ स्टेशनरी भी यातना-उपकरण बन जाती थी। पेन लिखने के काम कम और आत्मा तक सुधार पहुँचाने के काम ज़्यादा आता था।

3. सज़ा की रोस्टर — 100 बार लिखो, या उन्नत संस्करण 200 बार: यह सज़ा हैंडराइटिंग को सहनशक्ति की परीक्षा में बदल देती थी। गलती छोटी होती थी, लेकिन कॉपी के पन्नों पर उसका प्रायश्चित महाकाव्य जैसा फैल जाता था।

4. बेंच पर खड़ा करना: फुसफुसाने या गलत समय पर मुस्कुराने पर बेंच पर खड़ा होना पड़ता था। उस ऊँचाई से पूरी क्लास दिखती थी, और पूरी क्लास को आपकी बेइज़्ज़ती।

5. तिरस्कार पाठ्यक्रम: तंज़भरे निकनेम्स, असफलता की सार्वजनिक घोषणा और “वो बच्चा” से तुलना — यह सब पाठ्यक्रम का अनौपचारिक हिस्सा था। “वो बच्चा” इतना आदर्श था कि असल में शायद कभी अस्तित्व में था ही नहीं।

6. स्कूल के बाद रुकना: स्कूल के बाद रुकना सज़ा भी था और मुफ्त ट्यूटोरियल भी। फर्क बस इतना था कि पढ़ाई के साथ-साथ अतिरिक्त चॉक पाउडर, खाली क्लासरूम और घर देर से पहुँचने का डर भी बोनस में मिलता था।

7. कान पकड़कर झकझोर देना: यह सज़ा कम और चेतावनी-संदेश ज़्यादा होती थी। दो सेकंड में बच्चा समझ जाता था कि अब मामला मौखिक चेतावनी से ऊपर और चप्पल-स्तर से बस नीचे है।

आज के बच्चे और हमारी अविश्वसनीय कहानियाँ

मेरी भतीजी को हमारी — यानी बड़े भैया और मेरी — कहानियों पर विश्वास ही नहीं होता। जब मैं बताता हूँ कि हमारे समय में स्कूल और घर दोनों जगह अनुशासन की दोहरी सरकार चलती थी, तो वह मुझे ऐसे देखती है जैसे मैं किसी पौराणिक युग की कथा सुना रहा हूँ। वैसे उजड्डता भी हमारी पीढ़ी के बच्चों में धुर के भरी होती थी। दिन भर धमा-चौकड़ी, पेड़ों पर चढ़ना, लड़ना-भिड़ना, कपड़े फाड़ लाना—जैसे शरारत ही हमारा असली काम हो। आज कल केवल ज़िद है। 

उसे यकीन नहीं होता कि होमवर्क न करने पर मार पड़ सकती थी। पूरी क्लास के सामने मुरगा बनाया जा सकता था। स्केल हथेली पर टूटने की हद तक चल सकता था। और घर पहुँचने पर दूसरी पारी भी बाकी रहती थी।

उसके चेहरे पर साफ लिखा होता है - “चाचा, इतना भी बढ़ा-चढ़ाकर मत बताइए।”

उसे क्या मालूम, हम बढ़ा नहीं रहे। कई घटनाएँ तो सेंसर करके सुना रहे हैं। आज समय बदल गया है, और बदलना चाहिए था। अब “कोने में जाकर पाँच मिनट खड़े हो जाओ” भी कई बच्चों को अन्याय का सर्वोच्च उदाहरण लगता है। उन्हें देखकर हँसी भी आती है और राहत भी।

हँसी इसलिए कि वे हमारी कहानियों पर भरोसा नहीं करते। राहत इसलिए कि उनका भरोसा न करना ही प्रमाण है कि वह दुनिया काफी हद तक पीछे छूट चुकी है।

वही पिताजी और चाचाजी अब दादा-नाना हैं

समय बड़ी अजीब चीज़ है।  जो लोग कभी हमारे बचपन के अनुशासन मंत्री थे, वही आज दादा-नाना बनकर बच्चों के पीछे-पीछे घूमते हैं। जिनकी आवाज़ सुनकर कभी होमवर्क की कॉपियाँ खोजी जाने लगती थीं, वे आज पोते-पोतियों से पूछते हैं—

“बेटा, चॉकलेट या चिप्स खाओगे?”
“दूध पी लो।”
“अरे रहने दो, बच्चा ही तो है।”

कभी-कभी लगता है वे भेड़िये नहीं, सेवानिवृत्त भेड़िये हैं—लोककथा वाले वे भेड़िये जिनके दाँत अब गिर चुके हैं और जो मेमनों को खाने के बजाय उन्हें बिस्कुट खिला रहे हैं। भीतर की दहाड़ अब भी कहीं मौजूद है, बस अब वह “बेटा, मोबाइल रख दो” के स्वर में निकलती है।

अंत में

हम वह पीढ़ी हैं जो मुरगा बनी, स्केल खाई, बेंत झेली, चप्पल से बची, बेल्ट देखकर सुधर गई और अंत में माँ की शरण में जाकर सुरक्षित हुई। हमने ज्ञान सुना: नीम खाया हो या बड़ों का समझाया, पहले बुरा लगते है, बाद में अच्छा। 

हमारे भाई-बहन प्रेम में “आई लव यू” कम था और “मेरी चीज़ मत छूना” ज़्यादा। लेकिन वही प्रेम असली था—लड़ाई भी पूरी ताकत से, और साथ भी पूरी ईमानदारी से।

आज पीछे मुड़कर देखते हैं तो हँसी भी आती है और सोच भी। हँसी इसलिए कि वह दौर अब कहानी जैसा लगता है। सोच इसलिए कि हर कहानी मज़ेदार नहीं थी। कुछ बातों को पीछे छूट जाना ही चाहिए था।

शायद यही परिपक्वता है—अपने बचपन को याद करना, उस पर मुस्कुराना, लेकिन उसकी गलतियों को अगली पीढ़ी पर न दोहराना। क्योंकि यादें प्यारी हो सकती हैं, पर हर परंपरा बचाए रखने लायक नहीं होती।

Comments

What are people reading?

नब्बे के दशक का रेडियो, क्रिकेट और बचपन

Book Review: Putin's People by Catherine Belton

Kanpur Coaching Gurus

Lyrics of Title Song from Bharat Ek Khoj

Apne hi pani mein pighal jana barf ka muqaddar hota hai.