सिंगल-स्क्रीन का संस्कार: छोटे शहरों की सामूहिक सिनेमाई स्मृति

सिनेमाई संस्कार: सिंगल-स्क्रीन थिएटर की स्मृति

संस्कार मिलने के लिए दो “माया” होती थीं—एक माँ और दूसरा सिनेमा। माँ जीवन की पहली भाषा सिखाती थी, और सिनेमा दुनिया को देखने का तरीका। माँ से अच्छाई-बुराई की समझ मिलती थी, सिनेमा से भावनाओं की भाषा। माँ घर के भीतर का संसार खोलती थी, सिनेमा घर के बाहर का। छोटे कस्बों में तो सिनेमा कई बार किताब, अखबार, मेला और लोककथा—सबका सम्मिलित रूप लगता था।

देवकी पैलेस, काकादेव, कानपुर 

उस समय सिंगल-स्क्रीन थिएटर केवल फिल्म दिखाने की जगह नहीं था। वह छोटे शहरों की सामूहिक स्मृति था। वहाँ दर्शक केवल दर्शक नहीं होते थे—वे फिल्म के साथ जीते थे, ताली बजाते थे, सीटियाँ मारते थे, असहज होते थे, हँसते थे, डरते थे, और कई बार फर्स्ट क्लास टिकट के लिए लड़ भी पड़ते थे| थिएटर एक इमारत भर नहीं था; वह शहर की धड़कन था।

अंधेरे हॉल में 300 लोगों की एक धड़कन

पुराने सिंगल-स्क्रीन सिनेमाघरों का अनुभव अजीब तरह से निजी भी था और सामूहिक भी। अंधेरे हॉल में 300 लोग एक साथ फिल्म देखते थे, लेकिन हर आदमी उसे अपने-अपने तरीके से जीता था। कोई अपने प्रेम की कहानी ढूँढता था, कोई हीरो में अपना गुस्सा, कोई हीरोइन में अपना सपना, कोई खलनायक में समाज का डर।

90 के दशक की 'मार-धाड़ और एक्शन से भरपूर... पारिवारिक फिल्म' का कॉन्सेप्ट भारतीय सिनेमा के उस 'मास मसाला' युग की याद दिलाता है जहाँ धमाकेदार एक्शन, भाई-भाई का प्यार, माँ-बेटे का त्याग और परिवार की रक्षा के लिए एक अकेले नायक (Single Hero) की कहानी होती थी।

जब परदे पर हीरो का प्रवेश होता था, तो पूरा हॉल एक साथ जाग उठता था। कोई सीटियाँ मारता, कोई ताली बजाता, कोई जोर से संवाद दोहराता, कोई खलनायक को गाली दे देता। हॉल सिर्फ देखने की जगह नहीं रहता था; वह जनता की अदालत बन जाता था। उस समय फिल्मों के संवाद भी जीवन का हिस्सा बन जाते थे— जिंदगी का असली मजा तो खट्टे में है! | ऐसे संवाद अपनी नाटकीयता और जीवन-दर्शन के कारण याद रह जाते थे।

आज मोबाइल पर अकेले फिल्म देखने में सुविधा है, लेकिन वह सामूहिक धड़कन नहीं है। वह एक साथ हँसना, रोना, डरना और गुस्से में आना—सिंगल-स्क्रीन थिएटर की सबसे बड़ी पूँजी थी।प्रोजेक्टर रूम का भी अपना रहस्य था। ऊपर से आती रोशनी की धार, रील का अटक जाना, कभी किसी रिपीट सीन का दिख जाना—ये सब फिल्म के अनुभव का हिस्सा थे। सिनेमा केवल परदे पर नहीं चलता था; वह मशीन, रील, ऑपरेटर, टिकट-बाबू, गेटकीपर और दर्शकों के बीच मिलकर बनता था।

सिनेमा पकड़ना

उस दौर में फिल्म देखना हमेशा अपने शहर तक सीमित नहीं था। लोग दूर-दराज के कस्बों और शहरों में फिल्म देखने जाते थे। इसे बड़े सहज अंदाज में कहा जाता था—“सिनेमा पकड़ने जा रहे हैं।” जैसे ट्रेन पकड़ना, बस पकड़ना, वैसे ही सिनेमा पकड़ना।

अगर अपने कस्बे में फिल्म नहीं लगी, तो किसी दूसरे शहर की योजना बनती थी। पोस्टर दिख जाता था, तो मन में फिल्म शुरू हो जाती थी। उस समय फिल्म केवल रिलीज नहीं होती थी, उसे पकड़ा जाता था—समय से, जुगाड़ से, टिकट से, सफर से और कभी-कभी किस्मत से।

सिनेमा के प्रति दीवानगी इतनी थी कि टिकट पाना अपने-आप में विजय जैसा होता था। टिकट खिड़की युद्धभूमि जैसी लगती थी। जिसे टिकट मिल गया, वह विजेता था। जिसे नहीं मिला, वह बाहर खड़े होकर अंदर से आती आवाज़ों से ही फिल्म का अनुमान लगाता था। थिएटरों में उमड़ा जनसैलाब होता था —जहां टिकट खिड़कियों पर “हाउसफुल” बोर्ड मिनटों में लग जाते थे।

टिकट, दूरी और कस्बाई विरोधाभास

सिनेमा के प्रति दीवानगी इतनी थी कि लोग टिकट पाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार रहते थे। गदर के समय के किस्से तो अलग ही थे—लोग टिकट खिड़की पर अपनी जगह बनाने के लिए संघर्ष करते थे। कभी-कभी तो भीड़ और पहचान से बचने के लिए अपने पिता को भी चाचा कहकर निकल जाना पड़ता था, ताकि बात खुल न जाए और टिकट की जुगत बिगड़ न जाए। टिकट खिड़की उस समय युद्धभूमि जैसी होती थी। जिसे टिकट मिल गया, वह विजेता था। जिसे नहीं मिला, वह बाहर खड़े होकर अंदर से आती आवाज़ों से ही फिल्म का अनुमान लगाता था।

कुछ फिल्मों का ऐसा जुनून होता था कि लोग बैक-टू-बैक शो देख लेते थे—दोपहर का शो खत्म हुआ और शाम वाले के लिए फिर लाइन में लग गए। कई दर्शक एक ही फिल्म दस-दस बार देखते थे; हर बार वही संवाद, वही एंट्री, वही गाना, लेकिन रोमांच नया रहता था। कोई हीरो की एंट्री के लिए आता, कोई किसी खास गाने या फाइट सीन के लिए, और कुछ लोग अपना पसंदीदा दृश्य देखकर चुपचाप हॉल से निकल भी जाते थे। टिकट न मिले तो ब्लैक में टिकट खरीदना भी उस सिनेमाई दीवानगी का हिस्सा था—महँगा टिकट सिर्फ सीट नहीं देता था, वह उस सामूहिक उत्सव में शामिल होने का पासपोर्ट होता था। और इंटरवल में गोल्ड स्पॉट, समोसा या मूंगफली लेना तब विलासिता नहीं, फिल्म देखने के पूरे रस्म-रिवाज का जरूरी हिस्सा था।

स्टेशन पास रहने वालों की ट्रेन और सिनेमा हॉल पास रहने वालों की फिल्म यह एक मनोवैज्ञानिक और व्यावहारिक विरोधाभास है, जिसे अक्सर “पार्किंसन का नियम” कहा जाता है—काम पूरा करने के लिए जितना समय उपलब्ध होता है, काम उतना ही फैल जाता है। स्टेशन के पास रहने वालों को लगता है कि वे कभी भी पहुँच सकते हैं, इसलिए आखिरी समय तक टालते हैं। नतीजा—उनकी ट्रेन अकसर छूट जाती है। सिनेमा हॉल के संदर्भ में भी यही बात सच थी। जो लोग थिएटर के पास रहते थे, उन्हें लगता था—“अरे, अभी तो हॉल यहीं है, फिल्म शुरू होने में समय है।” फिर घर से देर निकलना, रास्ते में किसी से बात हो जाना, टिकट खिड़की पर भीड़ मिलना, और अंदर पहुँचते-पहुँचते कभी-कभी शुरुआती दृश्य छूट जाना। दूर से आने वाला आदमी पहले पहुँच जाता था, पास वाला अक्सर देर कर देता था। यही कस्बाई सिनेमा का प्यारा विरोधाभास था।

सितारों की दिव्य छवि

उस समय दर्शक अपने पसंदीदा सितारों को लगभग देवता-समान मानते थे। अमिताभ बच्चन, सलमान खान, माधुरी दीक्षित, श्रीदेवी, सनी देओल, गोविंदा—इन सबकी अपनी-अपनी लोककथा थी। दर्शक उन्हें केवल अभिनेता नहीं मानते थे; वे उनकी छवि से भावनात्मक रूप से जुड़ जाते थे।

इसलिए जब कोई सितारा बहुत कमजोर, बहुत मानवीय या नकारात्मक रूप में दिखता था, तो दर्शक असहज हो जाते थे। वे अपने प्रिय कलाकार को एक खास आभा में देखने के आदी थे। स्टार की छवि और किरदार के बीच का यही तनाव उस दौर के दर्शक-मन को समझने का बड़ा रास्ता है। हिंदी में 'गुड्डी' और 'मस्त' जैसी फिल्मों ने भी दर्शक और सितारे के रिश्ते—मोह, भ्रम, दीवानगी और वास्तविकता—को अलग-अलग ढंग से पकड़ा।

आज की तरह रिलीज से पहले हर पल सोशल मीडिया पर प्रचार नहीं होता था। कई बार कोशिश की जाती थी कि अभिनेता ज्यादा सार्वजनिक रूप से न दिखें (आशिक़ी पोस्टर), ताकि दर्शकों में फिल्म के प्रति भूख बनी रहे। पोस्टर, ट्रेलर, रेडियो अनाउंसमेंट और पत्रिकाओं में छपी छोटी-सी खबर ही काफी होती थी। दर्शक अपनी कल्पना से फिल्म रच लेते थे। शायद इसी कारण फिल्म देखने से पहले की प्रतीक्षा भी फिल्म के अनुभव का हिस्सा बन जाती थी।

नब्बे के दशक में दिव्या भारती की अचानक मौत ने पूरे देश के फ़िल्मी दर्शकों को हिला दिया था। इतनी कम उम्र में, इतनी बड़ी लोकप्रियता के बाद उनका चले जाना प्रशंसकों के लिए सदमे से कम नहीं था। इसलिए उनकी मौत सिर्फ़ एक ख़बर नहीं बनी — वह नब्बे के दशक की सबसे दर्दनाक और चर्चित यादों में शामिल हो गई। जैसे आज की पीढ़ी 'सुशांत सिंह राजपूत' की अचानक मौत को एक बड़े सदमे और अनसुलझे सवालों के साथ याद करती है, वैसे ही नब्बे के दशक के दर्शकों के लिए दिव्या भारती का जाना भावनाओं, अफ़सोस और हैरानी से भरी याद बन गया।

नायकों का बदलता दौर

नब्बे का दशक एकल-पर्दा सिनेमाघरों का दौर था — जहाँ नायक की एंट्री पर सीटियाँ बजती थीं, संवादों पर तालियाँ पड़ती थीं, और फ़िल्म सिर्फ़ देखी नहीं जाती थी, जी जाती थी।उस समय सनी देओल और जैकी श्रॉफ जैसे नायक मर्दानगी के सीधे, सख़्त और देसी चेहरे थे। उनका नायकत्व कम बोलने, ज़्यादा मारने और सीधा असर छोड़ने वाला था। अनिल कपूर हर तरह की भूमिका में फिट होते रहे, जबकि ऋषि कपूर प्रेमी नायक से चरित्र भूमिकाओं की तरफ़ बढ़ रहे थे। फिर ख़ानों का दौर आया।अब नायक सिर्फ़ दबंग नहीं रहा — वह प्रेमी, आकर्षक, भावुक और अंदाज़दार भी हो गया। इसी बीच अजय देवगन ने अपनी एक्शन और ठहरी हुई मौजूदगी से अलग जगह बनाई।

नब्बे के दशक का गोविंदा अलग ही रंग लेकर आया था — उनकी फ़िल्मों में कॉमेडी, डांस, मस्ती और देसीपन का ऐसा मेल था कि गाने भी मोहल्लों और शादियों में गूंजने लगते थे।सोने की साइकिल, चांदी की सीट...” और “तुझको मिर्ची लगी तो मैं क्या करूँ” जैसे गाने उस दौर की सादगी और शरारत दोनों को साथ लेकर चलते थे | गोविंदा के गानों में कहानी से ज़्यादा माहौल होता था — रंगीन कपड़े, तेज़ धुन, मज़ेदार चेहरे और ऐसा नाच कि पूरा सिंगल-स्क्रीन थिएटर झूम उठे। 

दूसरी ओर कादर ख़ान ने अपनी लेखनी और अपने हास्य अभिनय से एक अलग ही दुनिया बसाई। उनकी कॉमिक टाइमिंग, संवाद अदायगी और गोविंदा, शक्ति कपूर व जॉनी लीवर जैसे कलाकारों के साथ उनकी जुगलबंदी 90 के दशक की पहचान बन गई। और फिर थे नसीरुद्दीन शाह। समानांतर सिनेमा के इस दिग्गज ने नायक, सहनायक, पिता, खलनायक—‌ हर तरह के किरदार निभाए। और जब त्रिदेव के "ओए ओए..." पर थिरके, तो यह भी साबित कर दिया कि गंभीर अभिनय करने वाला कलाकार मनोरंजन के रंग में भी उतना ही सहज हो सकता है। यही उनकी असाधारण अभिनय-प्रतिभा थी।

90 का दशक ऐसा था, जब दक्षिण भारत के कलाकारों को पहचान दिलाने के लिए "पैन इंडिया" जैसा कोई शब्द नहीं चाहिए था। "अनाड़ी" में वेंकटेश, "आज का गुंडाराज" में चिरंजीवी, "बोम्बे" में अरविंद स्वामी को बड़े पर्दे पर देखना बिल्कुल सामान्य बात थी। रजनीकांत और कमल हासन तो अपनी हिंदी फिल्मों के कारण पहले से ही घर-घर पहचाने जाने वाले नाम बन चुके थे।

खलनायकों का जलवा

90 का दशक सिर्फ़ नायकों का नहीं, खलनायकों और चरित्र अभिनेताओं का भी स्वर्णकाल था। अमरीश पुरी की गरज और अजगर जुर्रत और नागेश्वर जैसे किरदार आज भी ज़ेहन में गूंजते हैं। उनकी आवाज़, स्क्रीन प्रेज़ेंस और संवाद ही आधी लड़ाई जीत लेते थे। डैनी डेन्ज़ोंगपा का 'कात्या'... कम बोलने वाला, लेकिन रौब ऐसा कि पूरा इलाका उसके नाम से कांपता था। स्टाइल, ठहराव और खतरनाक मुस्कान—डैनी ने साबित किया कि विलेन सिर्फ शोर मचाकर नहीं, बल्कि स्क्रीन पर अपनी मौजूदगी से भी डर पैदा कर सकता है।

सदाशिव अमरापुरकर का अभिनय ऐसा था कि उनका अंदाज़ आज भी ज़ेहन में बसा है। 'सड़क' का "महारानी" हो या 'हुकूमत' का निर्दयी विलेन, उन्होंने हर किरदार में ऐसा भय और गहराई भर दी कि दर्शक उन्हें भूल नहीं पाए। और 'तेज़ाब' का लोटिया पठान... किरण कुमार की दमदार आवाज़, पठानी लहजा और स्क्रीन पर उनकी मौजूदगी ही काफी थी। 

उस दौर में परेश रावल भी सिर्फ़ हास्य अभिनेता नहीं थे। सर, मोहरा, तमन्ना और कई फिल्मों में उन्होंने ऐसे धूर्त, निर्दयी और चालाक खलनायक निभाए कि उनसे नफ़रत होना स्वाभाविक लगता था। अनूपम खेर भी कर्मा, चालबाज़, दिल, राम लखन जैसी फिल्मों में कई बार नकारात्मक और ग्रे शेड वाले किरदारों में नज़र आए।

और फिर थे “तिरंगा” के गेंडा स्वामी — ऐसा खलनायक जो सिर्फ़ डराता नहीं था, अपने अजीब अंदाज़ और भारी मौजूदगी से दृश्य को यादगार बना देता था। इसी दौर में रामा रेड्डी जैसे किरदार भी आते थे, जिनके संवाद सिनेमाघर में गूंजते ही तालियाँ और सीटियाँ बज उठती थीं — “तबाही की आंधी और बर्बादी के तूफ़ान का नाम है — चिकारा।” ( वक्त हमारा है)


गुलशन ग्रोवर का केसरिया विलायती उर्फ "Bad Man"‌ किरदार, और शक्ति कपूर का रंगीला खलनायकपन — इन सबने नब्बे के दशक के पर्दे को अलग ही जान दी। नब्बे के दशक के खलनायक ऐसे ही थे — बड़े नाम, बड़े अड्डे, बड़ी आवाज़ें और उससे भी बड़ा असर।

देसी सुपरहीरो की परीकल्पना

1980s में 'मिस्टर इंडिया' और 'शहंशाह' ने भारतीय सिनेमा में नकाबपोश न्यायप्रिय नायक (विजिलांटे) की अवधारणा को लोकप्रिय बनाया। 1990 में ऐसे ही माहौल में तूफान और अजूबा जैसी फिल्में आती थीं। अमिताभ बच्चन का डबल रोल—एक तरफ क्रॉसबो से दुश्मनों का सामना करता तूफान, दूसरी तरफ जादूगर श्याम। आज के हिसाब से वह कल्पना भले अजीब या अतिनाटकीय लगे, लेकिन उस दौर में यही तो देसी सुपरहीरो की कल्पना थी। दर्शक तर्क से ज्यादा भावनात्मक न्याय देखने जाते थे। उन्हें हीरो में व्यवस्था के खिलाफ खड़ा अपना प्रतिनिधि दिखाई देता था।

री-रिलीज का जादू

पुराने सिनेमाघरों में फिल्मों की री-रिलीज का भी अपना आनंद था। कोई फिल्म दोबारा आती थी, तो दर्शक उसे नई फिल्म की तरह देखने जाते थे। मैंने प्यार किया या अग्निपथ जैसी फिल्मों का थिएटर में दूसरा जीवन बनता था। री-रिलीज का मतलब था—स्मृति का फिर से पर्दे पर लौटना। वही गाना, वही दृश्य, वही संवाद, लेकिन दर्शक थोड़ा बदल चुका होता था। शायद इसी कारण दूसरी बार देखी गई फिल्म कई बार पहली बार से ज्यादा निजी लगती थी।

फिल्म समीक्षा और गॉसिप

फिल्म देखने की समझ केवल थिएटर से नहीं बनी; उसे अखबारों, पत्रिकाओं और बाद में ब्लॉगों ने भी आकार दिया। 'सरिता' पत्रिका के प्रसिद्ध स्तंभ ‘चंचल छाया’ जैसे लेखन ने सिनेमा को केवल कहानी या गीतों से नहीं, बल्कि उसकी कला, सामाजिक संदर्भ और भावनात्मक गहराई से देखने की समझ दी। उसमें सामाजिक टिप्पणी बहुत कठोर और साफ होती थी। वे पूछती थीं कि फिल्म परिवार, विवाह, स्त्री-पुरुष संबंध, मध्यवर्गीय नैतिकता, सामाजिक पाखंड और बदलते जीवन-मूल्यों के बारे में क्या कह रही है। मुझे यह समझ आयी कि सिनेमा सिर्फ कहानी, गाना और स्टार नहीं है; वह समाज की चाल, उसकी टूटन, उसकी इच्छाओं और उसके झूठ का भी दस्तावेज है।



90 के दशक में दैनिक जागरण जैसे अखबारों में फिल्म समीक्षा पढ़ना भी सिनेमा-शिक्षा का हिस्सा था। बाद में अजय ब्रह्मात्मज जैसे समीक्षकों ने हिंदी में फिल्म पत्रकारिता को गॉसिप से आगे ले जाकर विचार, समाज और संस्कृति से जोड़ा। उन्होंने दैनिक जागरण में फिल्म समीक्षा और फिल्म संपादन के जरिए हिंदी पाठकों को सिनेमा पर गंभीरता से सोचने की भाषा दी। इसी अखबारी परंपरा के समानांतर दैनिक भास्कर में जयप्रकाश चौकसे का “परदे के पीछे” कॉलम भी हिंदी पाठकों के लिए सिनेमा को देखने का अलग दरवाजा खोलता था।

उस समय फिल्म प्रचार का बड़ा हिस्सा अफवाहों, गॉसिप मैगजीन्स और आपसी बातचीत पर टिका होता था। मायापुरी जैसी पत्रिकाएँ सितारों की दुनिया की खिड़की थीं। कलाकारों के निजी जीवन, उनके कथित प्रेम संबंधों या उनके बीच तनाव की खबरें ही कई बार फिल्म के आने का संकेत बन जाती थीं।

दर्शक सिर्फ कहानी देखने नहीं जाते थे; वे अफवाह और पर्दे के बीच का फर्क भी देखने जाते थे। ऑफ-स्क्रीन केमिस्ट्री पर्दे पर दिखती है या नहीं—यह भी उत्सुकता का हिस्सा था। दिव्या  भारती की मृत्यु का विवाद के आसपास फैलती चर्चाएँ छोटे शहरों में आधी पत्रिकाओं से आती थीं और आधी लोगों की बातचीत से बनती थीं। सच, अफवाह और भावुकता मिलकर एक अजीब-सा सिनेमाई दुख रच देते थे।

दृश्य: फिल्मों के स्मृति-द्वार

फिल्मों के कुछ दृश्य हमारे भीतर हमेशा के लिए बस जाते हैं। सच तो यह है कि दृश्य फिल्मों के स्मृति-द्वार होते हैं। कई बार पूरी फिल्म याद नहीं रहती, लेकिन कोई एक दृश्य, कोई एक डायलॉग, कोई एक पोस्टर, कोई एक गाना—अचानक भीतर का दरवाजा खोल देता है।

अजय ब्रह्मात्मज के ब्लॉग “चवन्नी चैप” ने इस समझ और यादों को और विस्तार दिया। उसकी “हिन्दी टाकीज” श्रृंखला में लोगों ने अपने छोटे शहरों, कस्बों और सिंगल-स्क्रीन थिएटरों की स्मृतियाँ लिखीं। रवीश कुमार ने पटना के सिनेमाघरों और पारिवारिक फिल्म अनुभवों को याद किया, मुन्ना पांडे ने श्याम चित्र मंदिर को जीवन की दूसरी पाठशाला की तरह दर्ज किया, और पूजा उपाध्याय ने देवघर के सिनेमाघरों में कस्बाई समाज और सिनेमा के रिश्ते को पकड़ा। अजय ब्रह्मात्मज जी ने पंद्रह-सोलह साल पहले कहा था कि अपने निजी सिनेमाई अनुभवों पर लिखिए। उस समय शायद यह बात केवल एक आग्रह की तरह लगी थी, लेकिन धीरे-धीरे समझ में आया कि छोटे शहरों के दर्शकों की स्मृतियाँ भी हिंदी सिनेमा के इतिहास का हिस्सा हैं। अंततोगत्वा इसी क्रम में मैंने अपने निजी सिनेमाई अनुभवों पर यहाँ लिखा है: Single Screen Theatre 90s.

वह दृश्य हमें सिर्फ फिल्म तक नहीं ले जाता; वह हमें हमारी उम्र, हमारे शहर, हमारे दोस्तों, हमारे घर और उस समय की हवा तक वापस पहुँचा देता है। हॉल की अंधेरी कुर्सी, प्रोजेक्टर की रोशनी, परदे पर हीरो का प्रवेश, दर्शकों की सामूहिक सीटियाँ—ये सब हमारी निजी स्मृति के दरवाजे बन जाते हैं। शायद सिनेमा की असली ताकत यही है—वह बीते हुए को वापस नहीं लाता, लेकिन उसकी रोशनी में हमें बीता हुआ फिर से दिखा देता है।

जब हिंदी सिनेमा और हिंदी पट्टी के बीच संवाद टूटने लगा

कभी इन्हीं दर्शकों की बदौलत फिल्में चलती थीं। उनकी तालियों, सीटियों और उत्साह से सितारे लार्जर-दैन-लाइफ बनते थे। लेकिन धीरे-धीरे हिंदी सिनेमा और हिंदी पट्टी के कस्बों-शहरों के बीच दूरी बनने लगी। मुंबई में बनने वाली फिल्मों का रिश्ता प्रयागराज, मेरठ, हरिद्वार, पटना, इंदौर, रायपुर, देवरिया या सलेमपुर जैसे शहरों-कस्बों से कमजोर पड़ता गया।

भाषा बदलने लगी, लोकेशन बदलने लगी, किरदारों की चाल-ढाल बदलने लगी। छोटे शहरों की बेचैनियाँ, उनकी हँसी, उनका दुख, उनका संघर्ष और उनका हास्य कम दिखाई देने लगा। संवाद की खामोशी शायद यहीं से शुरू हुई। बॉलीवुड के लिए असली चुनौती यही रही है—गाँवों, कस्बों और छोटे शहरों को केवल बैकड्रॉप की तरह नहीं, बल्कि जीवित समाज की तरह समझना। उन कहानियों को फिर से सुनना, जिन्हें कभी सिंगल-स्क्रीन थिएटरों ने बड़े पर्दे पर जगह दी थी। बंद होते सिनेमा हॉल में फिर से जान डालने का रास्ता भी शायद इसी समझ से निकलेगा। और पढ़ें: Cinema in Transition: Marketing Myopia, Technology, and the Shifting Cultural Core

अंत में

सिंगल-स्क्रीन थिएटर केवल मनोरंजन का स्थल नहीं था। वह छोटे शहरों का सांस्कृतिक चौपाल था। वहाँ समाज साथ बैठता था, साथ हँसता था, साथ रोता था और साथ सपने देखता था। आज मल्टीप्लेक्स हैं, ओटीटी है, मोबाइल स्क्रीन है, सुविधा है—लेकिन वह सामूहिक अंधेरा कम है, जिसमें 300 लोग एक साथ बैठकर कुछ देर के लिए एक ही सपना देख लेते थे। सिंगल-स्क्रीन थिएटर की असली स्मृति शायद उसी साझा सपने में है। वह सपना अब भले टूट चुका हो, पर उसकी रोशनी अब भी भीतर कहीं चलती रहती है—रील की तरह, धड़कन की तरह, संस्कार की तरह।

अगर सिंगल-स्क्रीन थिएटरों की स्मृति को समझना हो, तो Cinema Paradiso अवश्य देखनी चाहिए। यह सिर्फ सिनेमा पर बनी फिल्म नहीं, बल्कि उस जादू पर बनी फिल्म है जिसमें प्रोजेक्टर की रोशनी, बचपन की आँखें और एक छोटे शहर की सामूहिक धड़कन हमेशा के लिए बस जाती है।

*90s की यादों में और डूबना है, तो यहाँ और नॉस्टैल्जिया पोस्ट्स पढ़ें।

Comments

What are people reading?

80s–90s : जब अनुशासन का दूसरा नाम था चप्पल, बेल्ट और मुरगा

Kanpur Coaching Gurus

Lyrics of Title Song from Bharat Ek Khoj

Apne hi pani mein pighal jana barf ka muqaddar hota hai.

कानपुर की बिजली कथा: केसा, कटिया और कुपित पिताजी